कोरम के अभाव में सारण जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज
सारण, 12 जून (हि.स.)। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सारण जिला परिषद अध्यक्ष के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए आज समाहरणालय सभागार में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिला परिषद के निर्वाचित सदस्यों की उपस्थिति की जांच की गई।
जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि सारण जिला परिषद में कुल 47 निर्वाचित सदस्य हैं, लेकिन बैठक में अध्यक्ष सहित महज 8 सदस्य ही उपस्थित हुए।
अविश्वास प्रस्ताव पर मत विभाजन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए आवश्यक दो-तिहाई सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य थी। कोरम पूरा न होने के कारण मत विभाजन की कार्यवाही नहीं कराई जा सकी और अविश्वास प्रस्ताव स्वतः खारिज हो गया।
बैठक में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह डीडीसी लक्ष्मण तिवारी और अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सुशेन्द्र पाल सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार