बक्सर में नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 585 अभ्यर्थियों का हुआ प्रारंभिक चयन

 


बक्सर, 22 जुलाई (हि.स.)। जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में बुधवार को संयुक्त श्रम भवन परिसर में एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया।

मेले का उद्घाटन जिला पदाधिकारी साहिला, जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी, श्रम अधीक्षक संजय कुमार तथा जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मेले में निजी क्षेत्र की 26 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां 1000 से अधिक रिक्तियां उपलब्ध थीं। वहीं जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, डीआरसीसी और आरसेटी द्वारा व्यवसायिक मार्गदर्शन के लिए अलग स्टॉल लगाए गए। मेले में कुल 1274 बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें से प्रथम चरण में 585 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 366 युवाओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

विशेष पहल के तहत पहली बार बक्सर जिले के तीन स्टार्टअप—खाना मखाना, खुशुबु रेडिमेड और बॉम्बे ऑयल मिल—को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक जिले में नियोजक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत नियोजन मेले आयोजित कर रही है। उन्होंने युवाओं से मेले का पूरा लाभ उठाने, शुरुआती नौकरी में कार्यकुशलता और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने तथा अपने करियर विकल्पों को सीमित नहीं रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान कुशल युवा कार्यक्रम के प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। सभी अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर कंपनियों के प्रतिनिधियों से रिक्तियों एवं कार्यस्थलों की जानकारी ली।

इस मौके पर जिला नियोजनालय एवं कौशल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra