गुरु पूर्णिमा पर पार्टी कार्यकर्ता के घर पहुंचे नीतीश कुमार, परिवारजनों को दिया आशीर्वाद

 


पटना, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनता दल यूनाईटेड(जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार गया जिला के जदयू के वरिष्ठ नेता चंदन कुमार सिंह के पटना साहिब स्थित आवास पहुंचे।

इस अवसर पर उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना, सभी को स्नेहाशीष प्रदान किया तथा चंदन कुमार सिंह की माताजी से भी उन्होंने आशीर्वाद प्राप्त किया।

नीतीश कुमार का चंदन कुमार सिंह के पूज्य पिता प्रख्यात समाजसेवी स्व. सुरेश नारायण सिंह से वर्षों पुराना व्यक्तिगत संबंध रहा है। उनके आग्रह और सहयोग से नीतीश कुमार ने गया जिले के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत हुई तथा कई जनकल्याणकारी विकास योजनाओं को गति मिली, जिसका लाभ आज भी जिले की जनता को निरंतर प्राप्त हो रहा है।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नीतीश कुमार के आगमन से चंदन कुमार सिंह के परिवार में हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा। परिवार के सभी सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया तथा उनके स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को अपने लिए सौभाग्य बताया।

इस मौके पर विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी