नीतीश कुमार ने स्व. केदार प्रसाद एवं स्व. सरस्वती देवी की प्रतिमाओं का किया अनावरण, अर्पित की श्रद्धांजलि

 


पटना, 28 जुलाई (हि.स.)। जनता दल यूनाईटैड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने मंगलवार काे नालंदा जिले के रहुई प्रखंड अंतर्गत सोनसा गांव में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता स्व. केदार प्रसाद एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. सरस्वती देवी की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किया।

नीतीश कुमार ने स्व. केदार प्रसाद को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि समाज सेवा एवं जनहित के कार्यों के प्रति उनका गहरा समर्पण रहा। उन्होंने इस इलाके में लंबे समय तक सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित बिहार के निर्माण का संदेश भी दिया।

इस दौरान उन्होंने मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी के स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की तथा सभी का कुशलक्षेम जाना।

इस माैके पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, पूर्व विधायक सह जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ई. सुनील कुमार, विधायक जितेंद्र कुमार सहित जिले के अनेक वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी