शिक्षा के महान पुरोधा डाॅ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नीतीश कुमार ने किया नमन
शिक्षा के माध्यम से सशक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
पटना, 05 सितंबर (हि.स.)। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डाॅ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
नमन करते हुये उन्होंने कहा कि डाॅ राधाकृष्णन ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक चेतना और मानव विकास का सबसे प्रभावी माध्यम माना। उनके विचार आज भी हमारी शिक्षा व्यवस्था को जनोन्मुखी, गुणवत्तापूर्ण और मूल्य आधारित बनाने की प्रेरणा देते हैं।
नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए के नेतृत्व में बिहार सरकार ने शिक्षा को विकास और सामाजिक परिवर्तन की प्राथमिकता बनाया है। हमारा संकल्प है कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर गरीब, वंचित और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित हो, ताकि कोई भी प्रतिभा आर्थिक अभाव के कारण अवसरों से वंचित न रहे।
साथ ही उन्होंने कहा की शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समान अवसर, सामाजिक न्याय और सशक्त नागरिक निर्माण की आधारशिला है।
डाॅ राधाकृष्णन के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और व्यापक अवसरों के निर्माण का संकल्प ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर मा0 राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य एवं देश के सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी