नीतीश सेतु समृद्ध बिहार और विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : संजय सरावगी

 


पटना, 18 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नीतीश सेतु समृद्ध बिहार और विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आगमन पर इस ऐतिहासिक पुल का उद्घाटन कर जनता को समर्पित करेंगे। इसको लेकर बिहार में उत्साह का माहौल है और एनडीए के नेता एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज उद्घाटन स्थल पर पहुंचे और कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, स्वास्थ मंत्री निशांत कुमार,पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, हम प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार,पूर्व मंत्री मंगल पांडेय,लालगंज विधायक संजय सिंह सहित एनडीए के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन पर नीतीश सेतु का उद्घाटन राज्य के विकास को नई गति देने वाला अवसर होगा। यह पुल आवागमन को सुगम बनाने, विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत करने और आर्थिक गतिविधियों को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बिहार में आधारभूत संरचना के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पूरी तत्परता से तैयारियों में जुटी है। उद्घाटन समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा की जा रही है। नीतीश सेतु बिहार के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक समृद्धि का नया अध्याय लिखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त