पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाखोरापुर मां काली मंदिर में की पूजा, बिहार की सुख-समृद्धि की कामना की
पटना, 27 जुलाई (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक बाखोरापुर मां काली मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
इसके बाद नीतीश कुमार ने मां काली मंदिर के गर्भगृह में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा की और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्हाेंने देश एवं बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
पूजा के बाद बाखोरापुर काली मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बीडी सिंह के नेतृत्व में ट्रस्ट के सदस्यों ने पूर्व मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंदिर के विकास, पर्यटन विभाग के माध्यम से बाखोरापुर महोत्सव आयोजित कराने समेत कई मांगें रखी गईं। नीतीश कुमार ने सभी मांगों पर विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नीतीश कुमार के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी और प्रशासनिक अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे।
मौके पर बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, संदेश विधायक राधा चरण शाह, बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में एनडीए के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी