नीतीश कुमार ने आईजीआईसी पहुंचकर पूर्व सुरक्षा पदाधिकारी बसंत सिंह का जाना हाल

 


पटना, 28 जुलाई (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार मंगलवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) परिसर स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान परिसर (आईजीआईसी) पहुंचे। यहां उन्होंने उपचाररत पूर्व सुरक्षा पदाधिकारी बसंत सिंह से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने संस्थान के निदेशक डॉ. सुनील कुमार से बसंत सिंह के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने तथा मरीज को सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।

इस दौरान नीतीश कुमार ने अस्पताल में मौजूद लोगों से संक्षिप्त बातचीत भी की और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उनके साथ बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी