पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जलालपुर पहुंच महेंद्र मिश्र की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

 






सारण, 08 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बुधवार को पहली बार सारण जिले के जलालपुर प्रखंड पहुंचे।

उनके इस दौरे को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम जनता में उत्साह देखा गया। जलालपुर मुख्यालय स्थित चौराहा पर पहुंचने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने सबसे पहले लोक कवि एवं पूर्वी धुन के जनक कहे जाने वाले कलाकार व स्वतंत्रता सेनानी पंडित महेंद्र मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, संजय झा, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, जदयू के जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल, विधायक रणधीर सिंह और प्रखंड स्तरीय नेताओं के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस दौरान नीतीश कुमार के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने महेंद्र मिश्र चौक को जदयू के झंडों और रंग-बिरंगे फूलों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया था।

पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन ने जलालपुर चौक और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े व्यवस्था किए गए थे। कार्यक्रम के समापन के बाद भी अपने चहेते नेता को करीब से देखने के लिए कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी रही।

नीतीश कुमार ने भी सभी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार