संस्कृत ओलम्पियाड में निशान्त कुमार ने बिहार में किया टॉप

 


दरभंगा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग के शोधार्थी निशान्त कुमार ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित शोध स्तरीय संस्कृत ओलम्पियाड में बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय सहित मिथिलांचल और बिहार का गौरव बढ़ा है।

ऑनलाइन आयोजित इस क्विज प्रतियोगिता में देश-विदेश के हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें यूजीसी-नेट एवं जेआरएफ स्तर के 100 तथ्यपरक प्रश्न पूछे गए थे। निशान्त कुमार ने निर्धारित समय में प्रश्नों के उत्तर देते हुए 86 अंक प्राप्त किए और बिहार में सर्वाधिक अंक हासिल किया।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हंसदा ने निशान्त कुमार को अपने कार्यालय में आमंत्रित कर स्वर्णपदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की ओर से भेजा गया प्रमाणपत्र, कलम और पैड भी प्रदान किया तथा उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

निशान्त कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शोध पर्यवेक्षक डॉ. कृष्णकान्त झा तथा अपनी माता विभा देवी और पिता कामेश्वर ठाकुर को दिया। उनकी उपलब्धि पर गुरुजनों, परिचितों, पड़ोसियों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra