निर्मली थाना भवन की जर्जर स्थिति पर उपमुख्यमंत्री गंभीर
सुपौल, 02 अगस्त (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव शनिवार को सुपौल जिले के निर्मली स्थित निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली।
बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, सड़क, प्रशासनिक व्यवस्था तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान निर्मली थाना के थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि वर्तमान थाना भवन अत्यंत जर्जर हो चुका है। बारिश के समय भवन में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे पुलिसकर्मियों को ड्यूटी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि भवन की खराब स्थिति का असर कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों के संचालन पर भी पड़ रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने तत्काल अपने मोबाइल फोन से बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से संपर्क किया। उन्होंने निर्मली थाना भवन की स्थिति से अवगत कराते हुए नए भवन के निर्माण की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
उपमुख्यमंत्री के अनुरोध पर डीजीपी ने थाना भवन की स्थिति की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।बैठक में निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, लौकहा विधायक सतीश कुमार साह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क, विकास योजनाओं तथा अन्य जनसमस्याओं को उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और आम लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने को कहा उपमुख्यमंत्री की इस त्वरित पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि निर्मली को जल्द ही नया और आधुनिक थाना भवन मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र