निर्मली के अंबेडकर कल्याण छात्रावास में 20 छात्रों के नामांकन को मंजूरी

 


सुपौल, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के निर्मली स्थित भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास में रिक्त सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया तेज हो गई है। समाहरणालय स्थित उप विकास आयुक्त कार्यालय वेश्म में आयोजित जिला स्तरीय छात्रावास संचालन समिति की बैठक में 20 पात्र विद्यार्थियों के नामांकन को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने की।बैठक में छात्रावास भवन संख्या-02 की रिक्त सीटों पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि छात्रावास में कुल 30 सीटें रिक्त थीं, जबकि विभागीय ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 20 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की पात्रता एवं उपलब्ध अभिलेखों की जांच के बाद सभी 20 अभ्यर्थियों के नामांकन का अनुमोदन किया गया।

समीक्षा के दौरान इंटरमीडिएट स्तर के 8, स्नातक स्तर के 11 तथा स्नातकोत्तर स्तर के एक विद्यार्थी सहित कुल 20 छात्रों के नामांकन को स्वीकृति दी गई।बैठक में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नामांकन की पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और विभागीय नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या पक्षपात की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए तथा पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, निर्मली-सह-छात्रावास समन्वयक को छात्रावास का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही छात्रावास में आवास, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

जिला प्रशासन का मानना है कि भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास जैसी योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती हैं। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद छात्रों को भी शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, सुपौल, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, निर्मली, छात्रावास अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि छात्रावासों के संचालन और छात्र सुविधाओं की नियमित समीक्षा आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र