निर्मली में सात दिवसीय काली पूजनोत्सव शुरू, 201 कन्याओं ने निकाली कलश यात्रा

 


सुपौल, 08 नवंबर (हि.स.)। निर्मली के बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार से सात दिवसीय काली पूजनोत्सव शुरू हुआ। पूजनोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर 201 कन्याओं ने गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली।

कलश यात्रा पूजा स्थल से शुरू होकर महावीर चौक, आलू गद्दी रोड, भगत सिंह चौक और स्टेशन रोड होते हुए तिलयुंगा नदी पहुंची। तिलयुंगा नदी पहुंचने के बाद कन्याओं ने नदी से कलश में जल भरा। इसके बाद सभी कन्याएं कलश लेकर वापस पूजा स्थल पहुंचीं। पूजा स्थल पर पंडितों ने विधि-विधान के साथ कलश की पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद काली पूजनोत्सव का शुभारंभ किया गया। पूजा के उपरांत कन्याओं को भोजन कराया गया।

पूजा समिति के अनुसार, काली पूजनोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल में मां काली सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सात दिनों तक यहां धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। पूजनोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र