यात्री बस से नौ लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
किशनगंज, 19 नवंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के फरिंगगोला चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार को एक यात्री बस से नौ लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक पूर्णिया जिला निवासी गणपत कुमार है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल के रास्ते एक यात्री बस से विदेशी शराब की खेप पूर्णिया ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली के नेतृत्व में टीम ने फरिंगगोला चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान बंगाल के पांजीपारा से पूर्णिया जा रही पुष्पा बस को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के क्रम में बस में सवार गणपत कुमार के पास से नौ लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सभी चेकपोस्टों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस की तलाशी ली और शराब के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है, ताकि शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि सीमावर्ती जिला होने के कारण चेकपोस्टों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। शराब तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह