एनएच-327ई पर दर्दनाक हादसा: सड़क पार कर रही वृद्ध महिला को अज्ञात वाहन ने रौंदा

 


सुपौल, 13 जून (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज-जदिया मुख्य मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-327ई पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई।

घटना थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया गांव के समीप पीपल पेड़ के पास हुई, जहां सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका की पहचान लक्ष्मीनिया वार्ड संख्या 09 निवासी पुलकित राम की पत्नी सीता देवी (65) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीता देवी सड़क पार कर रही थीं, तभी त्रिवेणीगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष पिंकी कुमारी ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच जारी है।

आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-327ई पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीण इलाकों के पास सड़क पार करना जोखिम भरा बन गया है। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड कंट्रोल के प्रभावी इंतजाम और नियमित निगरानी की मांग की है।

सीता देवी की असामयिक मौत ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक सामान्य दिन अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गया और पीछे छोड़ गया ऐसा दुख, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र