एनएच-27 पर स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर, दो मासूम समेत तीन गंभीर घायल
सुपौल, 12 मई (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एनएच-27 पर हुए सड़क हादसे में दो बच्चों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बांस चौक के पास स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के बेल्ही वार्ड-9 निवासी 12 वर्षीय सतवचन कुमार, छातापुर थाना क्षेत्र के तिलाठी वार्ड-8 निवासी 7 वर्षीय शिवम कुमार और 22 वर्षीय अभिलाष शर्मा के रूप में की गई है। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इनमें दोनों बच्चों की स्थिति अधिक चिंताजनक थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही करजाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार रेफरल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। वहीं प्रतापगंज थाना प्रभारी पूनम कुमारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और बाइक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र