एनएच-727 पर हादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन युवक जख्मी, चालक हुआ फरार
बेतिया, 24 अप्रैल (हि.स)। बेतिया पुलिस जिला के लौरिया थाना क्षेत्र स्थित जिरिया माई स्थान के पास एनएच-727 पर आज सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को लौरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर सूरज कुमार और विक्की कुमार को बेहतर इलाज के लिए बेतिया भेज दिया गया, जबकि संदीप कुमार का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
घायलों की पहचान मानपुर मकरी (थाना बथवरिया) निवासी संदीप (22), सूरज (21) और विक्की (20) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों युवक किसी काम से बीजबनिया गए थे और लौटते समय हादसा हुआ। वहीं, विक्की की 30 अप्रैल को प्रस्तावित शादी को लेकर परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक