एनएच-27 पर सड़क हादसा, बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल
सुपौल, 06 जून (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर चिकनी गांव के समीप शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायगढ़ भपटियाही पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान बनैनिया निवासी 60 वर्षीय मोहम्मद सलाम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार अहले सुबह वह शौच के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि मोहम्मद सलाम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सीएचसी सरायगढ़ भपटियाही में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना की छानबीन की जा रही है। वहीं बाइक चालक के संबंध में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र