एनएफआर के नवनियुक्त जीएम विवेक खरे का कटिहार में भव्य स्वागत, सुरक्षा व यात्री सुविधाओं पर रहेगा जोर

 




कटिहार, 01 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के नवनियुक्त महाप्रबंधक विवेक खरे के रविवार को कटिहार आगमन पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेन्द्र नरह एवं अन्य वरीय रेल अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद महाप्रबंधक के पहले आगमन से एनएफआर क्षेत्र में बुनियादी रेल विकास, परिचालन सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

आगमन के दौरान डीआरएम किरेन्द्र नरह ने महाप्रबंधक को कटिहार मंडल में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा संरक्षा से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। नवनियुक्त महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि एनएफआर में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक सिग्नलिंग और उन्नत सुरक्षा तकनीक 'कवच' के विस्तार पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार, माल ढुलाई क्षमता में वृद्धि, नई रेल लाइनों के निर्माण, विद्युतीकरण और ट्रैक दोहरीकरण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कटिहार सहित अलीपुरद्वार, लुमडिंग, रंगिया और तिनसुकिया मंडलों में चल रही विकास परियोजनाओं और रेल परिचालन की नियमित समीक्षा की जाएगी।

तीन दशक से अधिक का समृद्ध प्रशासनिक अनुभव

नवनियुक्त रेल महाप्रबंधक विवेक खरे भारतीय रेल यांत्रिक अभियंता सेवा के 1989 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं। 3 मार्च 1991 से रेल सेवा शुरू करने वाले श्री खरे के पास तीन दशक से अधिक का व्यापक तकनीकी व प्रशासनिक अनुभव है। अपने सेवाकाल के दौरान वे दक्षिण मध्य रेलवे, विजयवाड़ा व सिकंदराबाद मंडल, लालागुड़ा वर्कशॉप, तुगलकाबाद डीजल शेड, राइट्स और आरडीएसओ लखनऊ में प्रमुख पदों पर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने रायपुर में अपर मंडल रेल प्रबंधक, चारबाग वर्कशॉप में वरिष्ठ प्रशासनिक पद तथा मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) रायबरेली में प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (पीसीएमई) के साथ जीएम का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला है।

स्वागत समारोह के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) मनोज कुमार सिंह, सीनियर डीईएन (समन्वय) प्रभात रंजन सिंह, आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस सहित मंडल के सभी प्रमुख शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह