एनएफ रेलवे का प्रमुख जंक्शन बनेगा कटिहार, सर्कुलेटिंग एरिया और मुख्य द्वार के सौंदर्यीकरण का काम अंतिम दौर में

 




कटिहार, 07 अगस्त (हि.स.)। कटिहार रेलवे स्टेशन का कायाकल्प अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अंतर्गत आने वाले इस अहम स्टेशन को आधुनिक, आकर्षक और यात्री सुविधाओं से लैस बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है, जिससे जल्द ही स्टेशन का एक नया और भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।

कटिहार रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के कुशल मार्गदर्शन में स्टेशन के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर आकर्षक स्टेशन नेम सेट स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा, स्टेशन भवन को भव्य रूप देने के लिए अत्याधुनिक फसाड लाइटिंग और विभिन्न सजावटी प्रकाश व्यवस्था की जा रही है, जिससे रात के समय स्टेशन का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आएगा। उन्होंने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 के सर्कुलेटिंग एरिया में फाउंटेन, आकर्षक गार्डन, हरित क्षेत्र और अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों का नवीनीकरण भी अंतिम चरण में है, जिससे यात्रियों को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक वातावरण मिलेगा।

सीनियर डीसीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री सोलर ऊर्जा योजना के तहत कटिहार रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर बड़े पैमाने पर सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित किया जा रहा है। इसके चालू होने से रेलवे की बिजली खपत में भारी कमी आएगी, ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और रेलवे के राजस्व में भी सकारात्मक वृद्धि होगी। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए रेल मंडल के अन्य परिसरों में भी चरणबद्ध तरीके से सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। इन तमाम विकास और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कटिहार रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सबसे आकर्षक, आधुनिक और ऊर्जा-आत्मनिर्भर स्टेशनों में अपनी एक विशिष्ट पहचान दर्ज कराएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह