रेलकर्मियों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान : मुनिंद्र सैकिया

 


कटिहार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। वर्ष 2025 के मान्यता चुनाव में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद एनएफ रेलवे इम्प्लाईज यूनियन (एनएफआरईयू) के महामंत्री मुनिंद्र सैकिया ने कटिहार रेल मंडल का चार दिवसीय सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंडल के विभिन्न कार्यस्थलों पर पहुंचकर रेलकर्मियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा कार्यस्थल से जुड़ी चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली। महामंत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज मांगों और समस्याओं को उचित फोरम पर उठाकर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

डीआरएम कार्यालय सहित विभिन्न कार्यस्थलों का किया निरीक्षण

महामंत्री के चार दिवसीय दौरे की शुरुआत किशनगंज से हुई। इसके बाद वे मालदा होते हुए कटिहार पहुंचे, जहां यूनियन के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कटिहार प्रवास के दौरान उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय समेत विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यस्थलों का जायजा लिया और कर्मचारियों की जमीनी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

समस्याओं का समाधान यूनियन की पहली प्राथमिकता : मीडिया प्रभारी

यूनियन के मीडिया प्रभारी एम.एल. गुप्ता ने बताया कि मान्यता चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद महामंत्री का यह पहला औपचारिक दौरा था। यह दौरा रेलकर्मियों के बीच संगठन की सक्रियता और उनके अधिकारों व हितों के प्रति यूनियन की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना और उनकी समस्याओं का निराकरण कराना ही यूनियन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पूर्णिया होते हुए न्यू जलपाईगुड़ी रवाना, कर्मियों में जगी उम्मीद

चार दिवसीय दौरे के समापन पर महामंत्री मुनिंद्र सैकिया पूर्णिया होते हुए न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) के लिए प्रस्थान कर गए। इस दौरे से रेल कर्मचारियों में अपनी समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर नई उम्मीद जगी है। इस अवसर पर यूनियन सचिव रजनीश कुमार, पूर्व सचिव रुपेश कुमार, मंतोष कुमार, अमित कुमार तिवारी, नितेश कुमार सिंह, दीनबंधु यादव सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी और रेलकर्मी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह