छपरा कोर्ट जा रही नवविवाहिता पर परिजनों ने किया चाकू से हमला
सारण, 18 जून (हि.स.)। शहर के थाना चौक के पास ऑनर किलिंग की कोशिश का एक मामला सामने आया है। यहां परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करने वाली एक नवविवाहिता पर उसके परिजनों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। जख्मी महिला की पहचान परसा थाना क्षेत्र के लतरहिया गांव निवासी सूरज सहनी की पत्नी अनिशा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अनिशा ने घर से भागकर दिल्ली में शादी की थी, जिससे नाराज परिजन उसे धमकियां दे रहे थे। अनिशा ने खुद को बालिग बताकर कोर्ट में बयान देने की इच्छा जताई थी।
परसा थाना द्वारा नगर थाने में बयान दर्ज कराने के बाद जब वह दो पुलिसकर्मियों के साथ टेंपो से 164 के बयान के लिए कोर्ट जा रही थी, तभी घात लगाए परिजनों ने उस पर हमला कर दिया।
चाकू महिला के सीने में जा घुसा। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
नगर थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है विशेष होने पर मीडिया से जानकारी साझा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार