नए डीडीसी रवि राकेश ने संभाला पदभार, अधिकारियों ने किया स्वागत
भागलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के नवपदस्थापित उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रवि राकेश ने सोमवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और नए डीडीसी का स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों ने रवि राकेश को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान डीआरडीए के अधिकारियों ने जिले में संचालित विकास योजनाओं और विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी भी उन्हें दी। रवि राकेश का तबादला पूर्णिया से भागलपुर किया गया है। इससे पहले वे पूर्णिया में अपनी प्रशासनिक सेवाएं दे रहे थे। अपने प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले रवि राकेश से अब भागलपुर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करने के बाद डीडीसी रवि राकेश ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं को समय पर पूरा करने और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर