नेपाली नागरिक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटा, कोसी नदी में बहता मिला; मछुआरों ने बचाई जान
सुपौल, 15 जुलाई (हि.स.)।
जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक नेपाली नागरिक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया।
बेहोशी की हालत में वह कोसी नदी में बहता मिला, जिसे स्थानीय मछुआरों की सतर्कता और साहस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब पांच बजे पूर्वी कोसी तटबंध के स्पर संख्या 5:30 के समीप मछुआरों ने तेज बहाव के बीच एक व्यक्ति को नदी में बहते देखा।
उन्होंने तत्काल नाव की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला। उस समय वह पूरी तरह अचेत था और उसके शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी की 45वीं बटालियन, भीमनगर थाना पुलिस, डायल-112 और ग्राम रक्षा दल के सदस्य मौके पर पहुंचे।
इसके बाद घायल को वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।डॉक्टरों की प्राथमिक जांच में उसके शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले। होश आने पर उसने अपनी पहचान नेपाल के चितवन निवासी 49 वर्षीय गोविंद प्रसाद भुसाल, पिता सदानंद भुसाल के रूप में बताई।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह नेपाल के चितवन से इस्लाम किसी काम से रात की बस से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को कोसी नदी में बहता पाया। उसने बताया कि उसका लैपटॉप, एंड्रॉयड मोबाइल फोन, कलाई घड़ी, नेपाली 10 हजार रुपये नकद और अन्य जरूरी दस्तावेज गायब हैं। उसके पहने हुए कपड़े भी नहीं मिले।
गोविंद प्रसाद ने संकट की घड़ी में जान बचाने वाले भारतीय मछुआरों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। वहीं वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात कहां हुई और इसमें कौन लोग शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र