36 लीटर नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

 


अररिया 05 सितम्बर(हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसबीसी 56वीं वाहिनी बथनाहा की ई समवाय कुशमाहा की गश्ती दल ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की है। सीमा स्तंभ संख्या 176 के पास भारतीय क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एसएसबी जवानों ने 36 लीटर अवैध नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक अन्य साथी भागने में सफल रहा।

गुप्त सूचना के आधार पर ई समवाय कुशमाहा के उप-निरीक्षक (सामान्य) श्रवण कुमार के नेतृत्व में चार जवानों की एक विशेष गश्ती टीम गठित की गई। गश्ती दल ने कुशमाहा गांव से पहले पुलिया के पास घेराबंदी की।इसी क्रम में नेपाल की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दो बोरियां लेकर आते दिखाई दिए।

एसएसबी जवानों को देखते ही मोटरसाइकिल चालक ने पीछे बैठे व्यक्ति को धक्का देकर गिरा दिया और मोटरसाइकिल में लदी बोरी फेंककर पिपरा गांव की दिशा में तेजी से फरार हो गया। गश्ती दल द्वारा काफी पीछा करने के बावजूद चालक भागने में सफल रहा, लेकिन मौके से एक व्यक्ति और दो बोरियों को जवानों ने अपने कब्जे में ले लिया।

मौके पर बोरियों की तलाशी लेने पर 120 बोतल कुल 36 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। इसके अलावा गिरफ्तार व्यक्ति के पास से एक स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।गिरफ्तार तस्कर की पहचान दिवाकर कुमार पिता -प्रकाश साह जोगबनी थाना क्षेत्र के कुशमाहा निवासी के रूप में की गई। पूछताछ में आरोपी ने शराब को नेपाल से लाकर अररिया के पिपरा गांव में बिक्री के उद्देश्य से ले जाने की बात स्वीकार की।

घटना के संबंध में समवाय प्रभारी अभिषेक कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए गिरफ्तार तस्कर और जब्त शराब को जोगबनी थाना के सुपुर्द कर देने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर