नेपाली शराब, दो बाइक और मोबाइल के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
अररिया 01 सितम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56 वीं बटालियन की आई समवाय फुलकाहा की टीम ने स्थानीय थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 276 लीटर नेपाली शराब, दो बाइक और मोबाइल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
गुप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 188/3 के पास अभियान चलाकर भारी मात्रा में अवैध नेपाली शराब के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी और स्थानीय थाना की गठित टीम ने सीमा रेखा से लगभग 50 मीटर भारत की तरफ त्वरित कार्रवाई करते हुए नेपाल की ओर से आ रहे संदिग्धों को घेराबंदी कर रोका। मौके से टीम ने 920 बोतल नेपाली शराब कुल 276 लीटर, दो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल जब्त किया।
वहीं टीम ने फुलकाहा थाना क्षेत्र के भंगही मिर्जापुर निवासी 21 वर्षीय जीवन कुमार पिता जयराम यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह नेपाल से महेश्वरी यादव नामक व्यक्ति से यह शराब लेकर आ रहा था, जिसे सिमराही के शंकर पासवान और संजय यादव तक पहुंचाया जाना था।
इस संयुक्त अभियान में सशस्त्र सीमा बल की ओर से तीन कार्मिक एवं बिहार पुलिस के तीन कार्मिक शामिल रहे।
जब्त की गई सामग्री एवं गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी प्रक्रिया एवं प्राथमिकी दर्ज करने हेतु फुलकाहा थाना के सुपुर्द किया गया ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर