60 हजार भारतीय करेंसी के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार

 


अररिया 29 सितम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी आमगाछी की टीम ने 60 हजार रुपये भारतीय मुद्रा के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है।

बाह्य सीमा चौकी आमगाछी के उप-निरीक्षक के नेतृत्व में चार कार्मिकों की टीम सीमा क्षेत्र में नियमित गश्ती पर थी। गश्ती के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 174/2 के पास नो मैन्स लैंड से लगभग 25 मीटर भारत की तरफ नेपाल की ओर से पैदल आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर जांच की गई।तलाशी के दौरान उक्त व्यक्ति के पास से 60 हजार रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।

गिरफ्तार व्यक्ति नेपाल के मोरंग जिला के टंकी सिनवारी वार्ड संख्या एक निवासी 35 वर्षीय धीरेन्द्र ऋषिदेव पिता किशना मुसहर है।उसके पास से नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र भी बरामद किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह विराटनगर से किसी अज्ञात व्यक्ति से यह राशि लेकर बिहार के आमगाछी स्थिति अपने ससुराल में रिश्तेदार को देने जा रहा था।जब्त की गई भारतीय मुद्रा एवं गिरफ्तार नेपाली नागरिक को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय फारबिसगंज के सुपुर्द किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर