नेपाल:सुनसरी की घटना से मधेश प्रदेश में कर्फ्यू, प्रदर्शन के दौरान लहान में पुलिस की गोली से एक की मौत,एक घायल

 




-विराटनगर में हिन्दू संगठन का प्रदर्शन और सीडीओ कार्यालय का घेराव

अररिया 30 जुलाई(हि.स.)। नेपाल में कोसी प्रांत के सुनसरी जिला अन्तर्गत दीवानगंज में सांप्रदायिक हिंसा की आंच कोसी से मधेश प्रदेश तक फैल गई है। गुरुवार को सिराहा के लहान में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली से सिराहा के गणेश यादव की मौत हो गई। जबकि सुभाष ठाकुर को गोली लगी है,जिसे इलाज के लिए धरान रेफर किया गया है। वही सिराहा सहित मधेश प्रदेश की राजधानी जनकपुरधाम में अनिश्चिकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है।

नेपाल के कोशी प्रदेश की राजधानी विराटनगर में हिन्दू समाज के बैनर तले जमकर प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर (सीडीओ) कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। इससे पहले पंचमुखी हनुमान मंदिर में सनातनी समाज के लोग एकत्रित हुए और जिला प्रशासन कार्यालय तक हजारों की संख्या में प्रशासन और नेपाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन को देखते हुए विराटनगर में जिला प्रशासन कार्यालय के बाहर भारी संख्या मे पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। इस दौरान सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी होती रही। सुरक्षा की कमान संभाल रहे मोरंग एसपी ने प्रदर्शनकारी से अपील किया कि सरकार की कमिटी जांच कर रही है,इसलिए शांति बनाए रखने में सभी सहयोग करें। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विराटनगर बाजार को बंद भी कराया।जारी तनाव के बीच दिनभर विराटनगर बाजार में नेपाली सेना गश्त करती रही।

अस्पताल मे इलाजरत जय प्रकाश मेहता के मौत के बाद हजारों की संख्या मे दीवानगंज में महिला पुरुष प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतर गए।कर्फ्यू के बीच टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया।वही मृतक के परिवार का आरोप है कि इलाज में लापरवाही बरती गई।कारण उन्होंने डॉक्टर से पूछा था कि अगर यहां इलाज संभव नहीं है तो काठमांडू इलाज के लिए ले जायेंगे।घटना के बाद अस्पताल में भी तनाव की स्थिति दिनभर बनी रही।

सुनसरी मे दो समुदाय के बीच हुए आपसी द्वंद्व और विवाद के बाद कोसी और मधेश प्रदेश में भड़की हिंसा को लेकर पूर्व राजा ज्ञानेन्द्र शाह के द्वारा दु:ख व्यक्त करते हुए सभी नागरिकों से संयम बरतने की अपील की गई। आपसी सद्भाव कायम रखने का आग्रह किया गया है। निर्मल निवास स्थित संवाद सचिवालय के माध्यम से जारी किये गए सद्भाव संदेश में सुनसरी मे हुए आपसी द्वंद्व के कारण जनधन की क्षति होने और इसका असर कोशी क्षेत्र तथा तराई के विभिन्न भाग में फैलने को लेकर पूर्व राजा ने चिंता व्यक्त किया है।पूर्व राजा ने अपने संदेश में कहा है कि नेपाल बहुजातीय,बहुभाषिक, बहुसांस्कृतिक विशेषता का देश है। यही विविधता देश का गौरव है। इस पहचान होने के कारण इसमें कोई भी खलल नहीं करने पर जोड़ दिया गया।

देवांगन गोलीकांड मे पुलिस के गोली से घायल एक युवक की मौत इलाज के दौरान न्यूरो अस्पताल में मौत होने के साथ ही मृतक की संख्या दो हो गयी है।मृतक युवक देवानगंज वार्ड संख्या 3 के 22 वर्षीय जयप्रकाश मेहता की मौत की पुष्टि गुरुवार को दिन के डेढ़ बजे हॉस्पिटल के डॉक्टर के द्वारा किया गया।जिसकी पुष्टि मोरंग पुलिस के सूचना अधिकारी डीएसपी मकेन्द्र कुमार मिश्र ने भी की।

चिकित्सक के अनुसार जयप्रकाश को पेट मे गोली लगी थी। गोली लगने से आत बाहर निकल गया था।बीते सोमवार को शल्यक्रिया किया गया था,लेकिन अवस्था नाजुक होने के कारण भेंटिलेटर में इलाज किया जा रहा था।इलाजरत अवस्था मे इसकी मौत और शव के अस्पताल में होने की बात डीएसपी श्री मिश्र ने कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर