नेपाल से शादी कर आईं महिलाओं को नागरिकता दिलाने में मदद करें : एसडीएम

 


सुपौल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। वीरपुर के एसडीएम विनय कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों से नेपाल से शादी कर भारत आईं योग्य महिलाओं को भारतीय नागरिकता दिलाने की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में भारतीय युवकों का नेपाली महिलाओं से विवाह होना आम है। ऐसे परिवारों को नागरिकता के लिए आवेदन करने को लेकर जागरूक किया जाना चाहिए। एसडीएम ने बताया कि भारतीय नागरिकता के लिए पात्र नेपाली महिलाओं के परिवार आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालयों के अलावा अनुमंडल कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन की ओर से आवेदन की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को नागरिकता मिलने से उन्हें सरकारी योजनाओं, पहचान संबंधी दस्तावेजों और अन्य संवैधानिक अधिकारों का लाभ लेने में सुविधा होगी। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों को भी ऐसे परिवारों को जागरूक करने की जरूरत है, ताकि योग्य महिलाओं को समय पर नागरिकता मिल सके।

इधर, राघोपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि प्रखंड कार्यालय में रविवार को छोड़कर अन्य सभी दिनों में आवेदन जमा किए जाते हैं। उन्होंने पात्र परिवारों से जल्द से जल्द आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र