नेपाल में भारी बारिश की चेतावनी के बीच कोसी बराज पर मेंटेनेंस कार्य से बढ़ी चिंता
सुपौल, 29 जून (हि.स.)। नेपाल के मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई को विशेषकर कोसी क्षेत्र में अत्यधिक बारिश, अचानक बाढ़ और नदी जलस्तर में तेजी से वृद्धि की आशंका जताई है।
हाल के दिनों में भी नेपाल के कोसी प्रांत में भारी से अत्यधिक बारिश और बाढ़ जैसे हालात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसी बीच करीब 20.60 करोड़ रुपये की लागत से कोसी बराज के फाटकों पर पेंटिंग और मेंटेनेंस कार्य जारी है। यह काम ऐसे समय में हो रहा है, जब मानसून सक्रिय है और कोसी नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका बनी हुई है।
बराज के रखरखाव कार्य को लेकर सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लाखों लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का सवाल है कि जब नेपाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी है और हर वर्ष कोसी नदी अचानक उफान पर आ जाती है, तब बराज के फाटकों पर बड़े पैमाने पर मेंटेनेंस कार्य क्यों कराया जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि हिमालयी क्षेत्रों में कम समय में अत्यधिक बारिश की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे अचानक बाढ़ और नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी का खतरा बना रहता है। अब सभी की निगाहें जल संसाधन विभाग और प्रशासन की तैयारियों पर टिकी हैं। यदि नेपाल में अनुमान के मुताबिक भारी बारिश होती है, तो कोसी नदी के जलस्तर और बराज प्रबंधन की स्थिति आने वाले 48 घंटे में बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र