नेपाल में भारी बारिश का अलर्ट, कोसी बराज में 1.85 लाख क्यूसेक से अधिक पानी डिस्चार्ज

 




सुपौल, 24 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के जल एवं मौसम विज्ञान विभाग ने भारी से अति भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के प्रभाव से नेपाल के कई हिस्सों में 24 से 28 सितंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कोसी प्रांत में संभावित बाढ़ और अन्य आपदाओं को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर तैयारी तेज कर दी है। इधर, नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में बारिश के बीच कोसी बराज पर गुरुवार 24 सितंबर की शाम छह बजे 1,85,130 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।

बराज से डाउनस्ट्रीम में 1,81,330 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं ईस्ट कोसी मेन कैनाल (ईकेएमसी) में डिस्चार्ज शून्य रहा, जबकि वेस्ट कोसी मेन कैनाल (डब्ल्यूकेएमसी) में 3,800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बराह क्षेत्र में भी शाम छह बजे 1,06,250 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। नेपाल में लगातार बारिश और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए कोसी नदी के जलस्तर और बराज से होने वाले डिस्चार्ज पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

नेपाल के कोसी प्रांत में सभी 14 जिलों के प्रशासन को संभावित बाढ़, भूस्खलन और अन्य आपदाओं के मद्देनजर सतर्क रहने तथा प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं। नेपाल के जल एवं मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर भी बारिश से संबंधित चेतावनी स्टेशन सक्रिय होने की सूचना दी गई है।नेपाल में भारी बारिश के अलर्ट और कोसी बराज से बढ़े डिस्चार्ज के कारण सुपौल समेत कोसी क्षेत्र में नदी के जलस्तर पर लोगों की नजर बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र