अंगूठे का इलाज कराने पहुंचे मरीज का डॉक्टर ने घुटने का लिखा एक्स-रे

 

भागलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नाथनगर रेफरल अस्पताल में एक अनोखा मामला प्रकाश में आया है। जहां घायल अंगूठे के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मरीज का डॉक्टर ने उसके अंगूठे की चोट को देखने के बजाय घुटने का एक्स-रे लिख दिया। जब मरीज को इस गलती का एहसास हुआ और वह पर्ची में सुधार कराने के लिए दोबारा डॉक्टर के पास पहुंचा, तो उसे राहत मिलने के बजाय कथित तौर पर अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ा।

पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टर ने अपनी गलती मानने के बजाय उसे ही फटकार लगाई और ठीक से बात नहीं की। इस घटना के बाद मरीज और उसके परिजनों में आक्रोश फैल गया। उनका कहना है कि अगर समय रहते गलती पकड़ में नहीं आती, तो गलत जांच के कारण इलाज में देरी हो सकती थी और स्थिति और गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पतालों में पहले से ही संसाधनों की कमी है, ऐसे में इस तरह की लापरवाही मरीजों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी और यदि डॉक्टर की गलती पाई जाती है, तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर