नीट यूजी परीक्षा, 15 केंद्रों पर 5 हजार परीक्षार्थी हुए शामिल
भागलपुर, 03 मई (हि.स.)। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर रविवार को नीट यूजी प्रवेश परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इसके लिए जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की गई थी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को खत्म किया जा सके। इस बार ड्रेस कोड को लेकर भी विशेष सख्ती बरती गई। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सदर एसडीओ विकास कुमार और सिटी डीएसपी वन अजय कुमार चौधरी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने केंद्रों के बाहर जुटी भीड़ को माइकिंग के जरिए नियंत्रित किया और अभ्यर्थियों को व्यवस्थित तरीके से प्रवेश दिलाया। कुल मिलाकर भागलपुर में नीट यूजी की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर