नीट यूजी में कैम्ब्रिज स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, तीन विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का परचम
बक्सर, 21 जुलाई (हि.स.)।
कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बक्सर के विद्यार्थियों ने नीट (यूजी) परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। छात्रों की सफलता पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की छात्रा श्रेया गुप्ता ने 601 अंक प्राप्त कर कैटेगरी रैंक 4345 हासिल की। वहीं रिद्धिमा केशरी ने 579 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 18379 प्राप्त की। इसके अलावा अनु मौर्या ने 544 अंक अर्जित कर कैटेगरी रैंक 20791 हासिल करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के निदेशक डॉ मोहन चौबे ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
कार्यकारी प्राचार्य बीएस राव, प्राचार्य मिथिलेश कुमार चौबे तथा उप-प्राचार्य कृष्णकांत ओझा और धर्मवीर दुबे ने भी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम का प्रतिफल है।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra