बक्सर में आप का प्रदर्शन, नीट पेपर लीक व सोनम वांगचुक के समर्थन में उठाई आवाज

 


बक्सर, 23 जुलाई (हि.स.)।

आम आदमी पार्टी (आप) बक्सर इकाई के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग, सीजेपी आंदोलन तथा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठने से लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का विश्वास प्रभावित होता है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने तथा पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन और अपनी बात रखने का अधिकार सभी नागरिकों को है। उन्होंने शिक्षा, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाने वालों के प्रति समर्थन जताया। साथ ही केंद्र सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की राजनीतिक मांग भी की।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा, महिला शक्ति जिला अध्यक्ष रश्मि चौबे, जिला महासचिव रंजीत कुमार, जिला प्रवक्ता शुभम उपाध्याय, जिला संगठन मंत्री भगवान राम, अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, जिला सचिव ब्रजेश कुमार, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बबलू ठाकुर, विमल जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra