नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार पर कांग्रेस का हमला, सुपौल में छात्र की गूंज कार्यक्रम आयोजित
सुपौल, 22 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के जिला प्रभारी कुमार आशीष ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हो रहा है तथा छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
छात्रों पर बल प्रयोग की घटना की उन्होंने निंदा की और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध बताया। कुमार आशीष ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने देशभर के छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है।
उनका कहना था कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ ऐसी घटनाएं अन्याय हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की।
उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने तथा प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की न्यायिक जांच कराने की भी मांग की। साथ ही कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और इसे बलपूर्वक दबाने का प्रयास नहीं होना चाहिए।
प्रेस वार्ता के बाद कांग्रेस कार्यालय में छात्र की गूंज कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने किया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी कुमार आशीष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और छात्रों एवं युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में ऑर्डिनेटर निशु रंजन, अंकित कुमार झा, नरेश मिश्रा, प्रेम झा, शत्रुघ्न चौधरी, अमरदीप चौधरी सहित कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन नरेश मिश्रा ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र