15 केंद्रों पर नीट की परीक्षा परीक्षा संपन्न, डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा

 


भागलपुर, 21 जून (हि.स.)। जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो गई। इसको लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही थी।

परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डॉ नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी एवं एसएसपी प्रमोद कुमार यादव द्वारा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मोक्षदा गर्ल्स हाई स्कूल, गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल, टी.एन.बी. कॉलेजिएट, नव स्थापित जिला स्कूल तथा बरारी हाई स्कूल परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान पत्रों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों में अनुशासन बनाए रखने की स्थिति की समीक्षा की। एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती पाई गई। जिला प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर