पड़ोसी देश नेपाल में भीषण बाढ़ से बढ़ा गंडक नदी का जलस्तर
बेतिया, 26 अगस्त (हि.स.)।
पड़ोसी देश नेपाल में आई बाढ़ के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। वहीं, दियारा और तटीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है।
पश्चिम चंपारण जिला के डीएम ने बताया कि नेपाल का पानी वाल्मीकिनगर बैराज तक पहुंच चुका है और गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए दियारा क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
आगे बताया कि तटीय क्षेत्र के लोगों को भी सतर्क कर दिया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, जल संसाधन विभाग के अभियंता एवं कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों द्वारा तटबंधों एवं नदी के जलस्तर की निगरानी की जा रही है। और क्षेत्र के आम लोगों को सलाह दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक