सम्राट चौधरी के सीएम बनने पर एनडीए कार्यकर्ताओं का आभार यात्रा
भागलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री बनने पर सम्राट चौधरी के सम्मान में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन द्वारा शुक्रवार को आभार यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यात्रा की शुरुआत स्टेशन चौक स्थित अंबेडकर जी की प्रतिमा से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए भामाशाह चौक तक पहुंची।
आभार यात्रा में सैकड़ों की संख्या में एनडीए के कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर विश्वास जताया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में नारेबाजी, ढोल-नगाड़े और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और राज्य में सुशासन को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। आभार यात्रा के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। प्रशासन की निगरानी में पूरी यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने से एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और वे आने वाले समय में विकास कार्यों को लेकर आशान्वित हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर