एनडीए तय करेगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री : संजय सिंह
भागलपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर पहुंचे जदयू प्रवक्ता सह एमएलसी संजय सिंह ने गुरुवार को कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला राष्ट्रीय गठबंधन यानी एनडीए के शीर्ष नेतृत्व द्वारा किया जाएगा। यह पूरी तरह से पार्टी का आंतरिक मामला है।
संजय सिंह ने आगामी चुनावों को लेकर भी बड़ा दावा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की जीत तय है।
राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा शराबबंदी को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए संजय सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी जहरीली शराब से मौत होती है। वहां सरकार त्वरित कार्रवाई करती है और दोषियों को जेल भेजा जाता है।
संजय सिंह ने शराबबंदी के प्रभाव को गिनाते हुए कहा कि पहले जब बिहार में शराब खुली थी तो शादी-विवाह के दौरान सड़कों पर अव्यवस्था देखने को मिलती थी। लेकिन अब हालात बदले हैं और बारात समय पर लगती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर