शिक्षक-स्नातक निर्वाचन में राजग उम्मीदवार की जीत के लिए एकजुटता का आह्वान
दरभंगा, 28 सितंबर (हि.स.)।
आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के समर्थन में संयुक्त बैठक दिल्ली मोड़ स्थित होटल गोविंदा पैलेस में हुई। बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष सह विधायक राजेश मंडल उर्फ ईश्वर मंडल ने की। इसमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय सहित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।
विधायक ईश्वर मंडल ने कहा कि राजग के घटक दलों के कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ चुनाव अभियान में जुटेंगे। मंत्री मदन सहनी ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने का आह्वान किया। राज्यसभा सांसद डॉ धर्मशीला गुप्ता ने शिक्षक एवं स्नातक वर्ग के बीच समन्वित जनसंपर्क पर जोर दिया।
विधायक डॉ विनय कुमार चौधरी एवं विधान पार्षद हरि साहनी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने की अपील की। बैठक में डॉ. अजीत चौधरी, माधव झा, केदारनाथ भंडारी, अरुण झा, संजीव झा, सुजीत मलिक, रामप्रवेश पासवान, देवेंद्र झा, अविनाश कुमार सहित एनडीए घटक दलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra