बिहार मे अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं: आनंद मिश्रा
पटना, 03 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आनंद मिश्रा ने रविवार को कहा कि सिवान में एक बार फिर हुए इनकाउंटर ने साबित कर दिया कि बिहार में कानून का राज मजबूती से दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों में कई बड़े अपराधी चेहरे जैसे आज सिवान में सोनू यादव, उससे पहले छोटू यादव, भागलपुर का राजधानी यादव, मोतिहारी में कुंदन ठाकुर, प्रियांशु दुबे बेगूसराय और खगड़िया के कई हिस्ट्रीशीटर अपराधी कानून के शिकंजे में आ रहे हैं। इन पर हत्या, संगठित अपराध के कई आरोप हैं। जब भी पुलिस ने चुनौती दी है, पुलिस पर ही हमला करने की कोशिश की है। ऐसे में पुलिस के पास कानून के दायरे में रहते हुए कार्रवाई करने का एकमात्र यही उपाय बचता है।
अब साफ संदेश है कि कानून से ऊपर कोई नहीं। जो अपराध करेगा, परिणाम भुगतना होगा।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी जाति, क्षेत्र या धर्म के खिलाफ नहीं है। अपराधी की एक ही पहचान होती है कि वह अपराधी है। यह समझना होगा। ये स्वार्थ के लिए किसी की भी जान ले सकते हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सिर्फ जरूरी नहीं, बल्कि अनिवार्य हो गई है।
भाजपा विधायक ने कहा कि बिहार ज्ञान, अनुशासन और गौरव की भूमि रही है। हम बिहार पुलिस के साहस, दृढ़ता की सराहना करते हैं। साथ हीं सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार की मजबूत राजनीतिक शक्ति को भी नमन करते हैं। बिहार आगे बढ़ रहा है और इस प्रगति को कोई अपराधी रोक नहीं सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त