एमवी कॉलेज में एनसीसी कैडेट्स के चयन को शारीरिक दक्षता व लिखित परीक्षा
बक्सर, 07 सितंबर (हि.स.)। 30 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हेमंत बेलवाल के निर्देश पर सोमवार को एमवी कॉलेज, बक्सर में सत्र 2026 के लिए एनसीसी कैडेट्स के चयन हेतु शारीरिक दक्षता एवं लिखित परीक्षा आयोजित की गई। चयन प्रक्रिया में कुल 124 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनमें से 53 कैडेट्स का चयन किया जाना है।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. कृष्णा कांत सिंह ने भर्ती प्रक्रिया का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को देश एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। कर्नल हेमंत बेलवाल ने कैडेट्स को एनसीसी की तीन वर्षीय प्रशिक्षण प्रक्रिया, पाठ्यक्रम एवं इससे मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
पूरी चयन प्रक्रिया का संयोजन लेफ्टिनेंट डॉ. योगर्षि राजपूत ने 30 बिहार बटालियन के एसएम बिपिन कुमार, सूबेदार अरविंद कुमार, हवलदार केके मिश्रा, ट्रेनिंग एनसीओ रवि शंकर एवं जीसीआई अंजलि के सहयोग से सफलतापूर्वक कराया।
इस दौरान बड़ी संख्या में सीनियर एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे और अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra