हरियाणा में हुए सड़क दुर्घटना में नवादा के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
नवादा, 01 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के मधुरापुर गांव निवासी 48 वर्षीय रामलखन यादव उर्फ पुरैल यादव की हरियाणा के बहादुरगढ़ में बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार रामलखन यादव दिल्ली में रहकर ट्रक चालक के रूप में काम करते थे। बुधवार को हरियाणा के बहादुरगढ़ में वाहन चलाने के दौरान सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी समेत दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। छोटी पुत्री का विवाह करीब दो माह पूर्व ही संपन्न हुआ था, जिसके बाद वे दोबारा परिवार के भरण-पोषण के लिए दिल्ली कमाने गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं स्वजन शव को गांव लाने के लिए घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन