नवादा में एनडीए की जनसभा में संजय सरावगी ने की नीरज कुमार और नवल किशोर यादव को जिताने की अपील
पटना, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को नवादा में बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए समर्थित प्रत्याशी नवल किशोर यादव के समर्थन में आयोजित चुनावी संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया।
उन्होंने दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन की अपील करते हुए कहा कि नीरज कुमार और नवल किशोर यादव ने सदन में जनता तथा शिक्षकों के हितों की आवाज मजबूती से उठाई है। दोनों प्रत्याशियों की जीत से बिहार में विकास, सुशासन और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की आवाज और मजबूत होगी।
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प भारत माता को विश्व के परम वैभव तक पहुंचाना और देश को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
एनडीए सरकार ने समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम किया है। आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण परिवारों को 10 प्रतिशत आरक्षण देकर शिक्षा, चिकित्सा और सरकारी नौकरियों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने के बाद बिहार में जंगलराज से सुशासन की ओर बदलाव शुरू हुआ। उस समय राज्य की प्रति व्यक्ति आय लगभग 6,800 रुपये थी, जबकि आज यह बढ़कर करीब 72 हजार रुपये हो गई है।
उन्होंने कहा कि पहले उच्च शिक्षण संस्थानों में लगभग चार लाख विद्यार्थियों का नामांकन होता था, जो अब बढ़कर करीब 26 लाख हो गया है। इंजीनियरिंग कॉलेजों, मेडिकल कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और विद्यालयों के विस्तार से बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिली है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। एक दिन में 221 डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय, महिला विश्वविद्यालय की स्थापना, बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर और मुजफ्फरपुर में जुब्बा सहनी के नाम पर विश्वविद्यालय खोलने की पहल शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि 15 हजार एकड़ का लैंड बैंक बनाकर उद्योगों को बढ़ावा देने की योजना से रोजगार और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
सरावगी ने कहा कि एनडीए सरकार ने महिलाओं को पंचायतों और नगर निकायों में आरक्षण देकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि एनडीए विकास और सुशासन की राजनीति करता है, जबकि विरोधी दल भ्रामक नैरेटिव के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास करते हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के सांसद अरुण भारती सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त