खेल से संभव है जीवन का चौमुखी विकास : डॉ अनुज कुमार
नवादा,18 नवंबर (हि.स.)। खेल के माध्यम से जीवन का चौमुखी विकास संभव है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक क्षमता को मजबूत करता है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे गुणों का भी विकास करता है। उक्त बातें मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ. अनुज कुमार ने बुधवार को मॉडर्न क्रिकेट सीनियर लीग 2026-27 के उद्घाटन समारोह में कहीं। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
मॉडर्न शैक्षणिक समूह के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में समूह के पांच विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. अनुज कुमार ने कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, समर्पण और खेल भावना है। प्रत्येक खिलाड़ी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नवादा और बिहार का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हिसुआ और मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, न्यू एरिया के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू एरिया की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में नौ विकेट पर 79 रन बनाए। अनिकेत ने 16, कन्हैया ने 14 और अमन ने 12 रन बनाए। हिसुआ की ओर से कप्तान अभिषेक शर्मा ने तीन, जबकि उमंग और कन्हैया ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में हिसुआ की टीम ने कप्तान अभिषेक शर्मा के नाबाद 46, हिमांशु के नाबाद 13 और सत्यम के 10 रनों की बदौलत दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अभिषेक शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंती नगर ने मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, नारदीगंज को 48 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कुंती नगर ने रेहान मलिक के 26, आदित्य राज के 16 और आयुष मोहन के 10 रनों की मदद से 96 रन बनाए। जवाब में नारदीगंज की पूरी टीम 48 रनों पर सिमट गई। कुंती नगर के शिवम और कृष्ण ने चार-चार विकेट चटकाए। शिवम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पूरी प्रतियोगिता का संचालन पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं बिहार स्टेट पैनल अंपायर राकेश रंजन की देखरेख में किया जा रहा है। पहले दिन के दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन