बिजली चोरी पर उपभोक्ताओं पर लाखों का जुर्माना; प्राथमिकी दर्ज
नवादा, 10 मई (हि.स.)।
जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन उपभोक्ताओं को पकड़कर उन पर भारी जुर्माना लगाया है।
रविवार को जानकारी देते हुए बिजली विभाग के कनीय अभियंता मो. नसीमुद्दीन अंसारी ने बताया कि परनाडाबर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान मीटर को बाईपास कर पीवीसी तार के माध्यम से अवैध रूप से बिजली उपयोग करने तथा बकाया के कारण कटा कनेक्शन रहने के बावजूद टोका लगाकर बिजली इस्तेमाल करने के मामले पकड़े गए।
मौके से अवैध तार भी जब्त किया गया।
जांच में साढ़ मझगांवां गांव के महेंद्र पासवान पर 22,401 रुपये, भोला कुरहा गांव के नीरू कुमार (आटा चक्की मिल संचालक) पर 2,11,570 रुपये तथा आदिया गांव के सनौवर हुसैन पर 2 एचपी मोटर पंप से अवैध बिजली उपयोग करने के आरोप में 85,236 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल रजौली के सहायक विद्युत अभियंता संजीव कुमार एवं कनीय अभियंता मो. नसीमुद्दीन अंसारी ने किया। टीम में सीनियर लाइनमैन राजेश कुमार तथा मानव बल नरेश कुमार शामिल थे।
मो. नसीमुद्दीन अंसारी ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत कार्रवाई करते हुए परनाडाबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार ने भी प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है। विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाने की चेतावनी दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन