मध्य विद्यालय जगदीशपुर में धूमधाम से मनाया गया नवरात्रि उत्सव, बच्चों ने डांडिया और गरबा से बिखेरे संस्कृति के रंग

 


भागलपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मध्य विद्यालय जगदीशपुर में नवरात्रि तथा दशहरा पर्व के अवकाश पर जाने से पूर्व शुक्रवार को धूमधाम से नवरात्रि उत्सव मनाया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक वेशभूषा धारण की, जिसने सभी का मन मोह लिया।

इस महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र ने कहा कि विद्यालय में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम संचालित है। इस योजना के तहत बच्चे विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन को ‘करके सीखने’ (लर्निंग बाय डूइंग) का प्रयास करते हैं। आज इसी कड़ी में बच्चों ने गरबा और डांडिया नृत्य के जरिए गुजरात के समृद्ध सांस्कृतिक व सामाजिक जीवन को जाना और उत्सव के रूप में इसे जिया।

प्रधानाध्यापक ने आगे कहा कि विद्यालय के बच्चे प्रत्येक धार्मिक उत्सव को मिल-जुलकर आयोजित करते हैं, जिससे वे धर्मनिरपेक्षता के संवैधानिक महत्व को व्यावहारिक रूप से सीख रहे हैं। विद्यालय में ईद, होली, दीपावली, क्रिसमस और गुरुपर्व सहित सभी त्योहारों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि बच्चे हर संस्कृति के महत्व को आत्मसात कर सकें।

इस पूरे प्रयास में शिक्षिका वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रज्ञा, प्रतिमा मिश्रा और भारती कुमारी का सराहनीय सहयोग रहता है। इस खास अवसर पर वर्ग प्रथम की नामित शिक्षिका प्रतिमा मिश्रा ने त्योहार की खुशियां साझा करते हुए अपने वर्ग के सभी छोटे बच्चों के बीच लेखन सामग्री (स्टेशनरी) का वितरण किया, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर