होली पर्व पर नेचर और जू सफारी तीन दिन और रोपवे दो दिन किया गया बंद

 


नालंदा, बिहारशरीफ 28 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार के राजगीर में स्थित ग्लास स्काई वॉक वाला नेचर सफारी एवं जू सफारी दो मार्च से लगतार तीन दिनों तक पर्यटकों के लिए बंद किया गया है। वहीं रोपवे भी 4 और 5 मार्च को बंद रहेगा।

जू सफारी के निदेशक राम सुंदर राम व डीएफओ राजकुमार एम ने शनिवार को संयुक्त रूप से बयान जारी कर कहा कि तीन मार्च मंगलवार और चार मार्च बुधवार को पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है। वहीं दो मार्च सोमवार को साप्ताहिक बंदी के कारण बंद रहेगी। यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था तथा पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक सतर्कता को लेकर लिया गया है।

होली के अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय एवं बाहरी पर्यटक राजगीर पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दोनों प्रमुख पर्यटन स्थलों का संचालन अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। इसी प्रकार रोपवे होली के दिन चार मार्च और उसके एक दिन बाद पांच मार्च को बंद रहेगा। रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार ने यह जानकारी दी है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे उक्त तिथियों में इससे संबंधित अपनी यात्रा की योजना न बनाएं। नेचर और जू सफारी 5 मार्च से पुनः नियमित रूप से खुल जायेगी। वहीं रोपवे 6 मार्च से पर्यटकों के लिए पहले की तरह खोल दिये जायेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे