राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, बैडमिंटन व थाँगता प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

 




अररिया 29 अगस्त(हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अररिया में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेल विभाग, महिला एवं बाल विकास निगम, अररिया तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं, खेल भवन सह व्यायामशाला, अररिया में थाँगता प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ।

बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन डीपीओ कविता कुमारी एवं जिला खेल पदाधिकारी सन्याल कुमार ने मेजर ध्यानचंद को पुष्प अर्पित कर किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खिलाड़ियों के बीच शॉट लगाकर किया गया।

बैडमिंटन प्रतियोगिता में बालिका एवं बालक वर्ग की सिंगल और डबल स्पर्धाओं के साथ जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

बैडमिंटन सिंगल वर्ग में प्रकृति प्रभाकर विजेता और नजीफा नाज उपविजेता रही।डबल वर्ग में स्नेहा भारती एवं प्रकृति की जोड़ी विजेता और सना इस्माइल एवं कायनात प्रवीण की जोड़ी उपविजेता रही।

बालक सिंगल वर्ग में मनीष कुमार विजेता और इमाम हसन उपविजेता रहा।

विजेताओं एवं उपविजेताओं को आकर्षक ट्रॉफी तथा लोगोयुक्त ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल भवन सह व्यायामशाला में आयोजित थाँगता प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में जिगर, सगुण, जाह्नवी, आँचल, रौनक, असद, अप्रीता एवं रुद्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं विनायक, प्राणशु, कृतिका, आस्था, कृष्ण, ओम एवं विद्या ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल प्राप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर